जिला संवाददाता सुशील शुक्ला

उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली परिसर में शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी पुलिसकर्मियों को दिखाया गया।

कार्यक्रम का आयोजन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान कोतवाली के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को लाइव देखा और सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एकता के सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।

इसके बाद कोतवाली के सभी पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सामाजिक शांति बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Author Profile

Aryanhttps://rh24news.com/rh24news
RH24 News

About The Author