जिला संवाददाता नवल किशोर

शुक्लागंज / गंगाघाट, उन्नाव। पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में करवा चौथ का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु की कामना की। रात में चंद्रमा के दर्शन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया।

करवा चौथ को लेकर महिलाओं में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। पर्व की तैयारियों के चलते नगर के बाजारों में रौनक रही। पूजन सामग्री, करवा, चूड़ियों, आभूषणों, कपड़ों और सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ी। नवविवाहित महिलाओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

शाम होते ही सुहागिन महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर पूजा की थाली सजाई और चंद्रोदय का इंतजार करने लगीं। चंद्रमा के दर्शन होते ही महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन किया और अर्घ्य अर्पित कर पति की लंबी आयु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद पति का चेहरा देखकर उनके हाथों से जल ग्रहण कर निर्जला व्रत खोला।

पति-पत्नी के प्रेम और विश्वास का प्रतीक है करवा चौथ

करवा चौथ का पर्व भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं में विशेष महत्व रखता है। यह पर्व पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और समर्पण के भाव को मजबूत करने का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक आस्था के साथ मनाए जाने वाले इस पर्व पर महिलाओं ने अपने परिवार की खुशहाली और वैवाहिक जीवन में सुख-शांति की प्रार्थना की।

नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्व को लेकर उत्सव जैसा माहौल रहा। कई स्थानों पर चंद्र दर्शन के बाद आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगा नजर आया। कुछ पुरुषों ने भी अपनी पत्नियों के साथ व्रत रखकर पर्व की खुशियों को साझा किया।

इस तरह चंद्र दर्शन के साथ करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, उल्लास और पारिवारिक प्रेम के वातावरण में संपन्न हुआ।

Author Profile

Aryanhttps://rh24news.com/rh24news
RH24 News

About The Author