RH24 NEWS | तारिक निज़ामी
कानपुर नगर। सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट हाई स्कूल, कैंट में 5 नवंबर 2026 को सीनियर वर्ग की छात्राओं का वार्षिक खेल उत्सव एवं पीटी कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ विद्यालय के विशाल क्रीड़ांगन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने खेलकूद, योग, पीटी प्रदर्शन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर प्रभा सी.जे. के नेतृत्व में हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ब्रिगेडियर एम.एस. जामवाल, स्टेशन कमांडर कैंट कानपुर नगर, अपनी धर्मपत्नी श्रीमती दिव्या जामवाल के साथ उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सिस्टर श्वेता सी.जे., प्रोविंशियल सुपीरियर इलाहाबाद ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
समारोह की शुरुआत हेड गर्ल मानवी त्रिपाठी एवं चारों सदनों के कप्तानों के नेतृत्व में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शानदार मार्च पास्ट से हुई। मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके पश्चात मशाल प्रज्वलित कर छात्राओं को निष्पक्ष खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग की शपथ दिलाई गई तथा खेल उत्सव के शुभारंभ की घोषणा की गई।
इस अवसर पर कक्षा 6 की छात्राओं ने योग एवं व्यायाम के माध्यम से सहयोग, सकारात्मक सोच और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का संदेश दिया। कक्षा 7 की छात्राओं ने ‘प्राचीन ज्ञान से डिजिटल भारत तक’ विषय पर आकर्षक प्रस्तुति देकर तकनीक के जिम्मेदार उपयोग और डिजिटल जागरूकता का संदेश दिया।
वहीं कक्षा 8 की छात्राओं ने ‘परिवर्तन के सूत्रधार’ विषय के माध्यम से आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर प्रयास की प्रेरणा दी। कक्षा 9 एवं 10 की छात्राओं ने ‘रेनेसां रीमिक्सिंग’ थीम पर पूर्वी और पश्चिमी संस्कृतियों का सुंदर संगम प्रस्तुत करते हुए ऊर्जावान पीटी प्रदर्शन किया। कक्षा 11 एवं 12 की छात्राओं ने भी अनुशासन, तालमेल और सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से शानदार प्रस्तुतियां दीं।
खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत छात्राओं ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और रिले रेस में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने वाली छात्राओं को विशेष सम्मान दिया गया।
समारोह के अंतिम चरण में ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी, रनरअप ट्रॉफी, डिसिप्लिन ट्रॉफी, बेस्ट मार्च पास्ट ट्रॉफी और बेस्ट पीटी ट्रॉफी प्रदान की गईं। पुरस्कार वितरण के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या सिस्टर प्रभा सी.जे. ने मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, शिक्षकों, छात्राओं एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस प्रकार खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, एकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का अद्भुत संगम बना सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट हाई स्कूल का वार्षिक खेल उत्सव-2026 हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
Author Profile
Latest entries
Education11/05/2026Kanpur :-सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट हाई स्कूल में वार्षिक खेल उत्सव-2026 का भव्य आयोजन, छात्राओं ने खेलकूद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बिखेरी प्रतिभा की चमक
Uttar Pradesh10/27/2026बड़ी खबर: लखीमपुर खीरी में तेंदुए का आतंक! 8 वर्षीय बच्चे की मौत की खबर से इलाके में दहशत
India10/27/2026बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर अलर्ट! यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका
Uncategorized10/09/2026उन्नाव: गंगा घाट के वार्ड नंबर 18 आर्य नगर में जलभराव से जनता में आक्रोश, नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
