कानपुर-लखनऊ रेल रूट पर गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर ट्रैक के किनारे मंगलवार सुबह 7:10 बजे 24 वर्षीय युवती का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। एक हाथ व एक पैर कटा हुआ मिला और शरीर निवस्त्र अवस्था में मिला। कटा पैर तो ट्रैक के पास से बरामद कर लिया गया, पर हाथ नहीं मिला।
वहीं जीआरपी चौकी प्रभारी ने ट्रेन की चपेट में आने से युवती के शरीर के कपड़े फटने का दावा किया है। जीआरपी कैमरों की फुटेज से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती ट्रेन से गिरी, ट्रेन के सामने कूदी या उसे फेंका गया। आसपास के लोगों को बुलाकर पहचान कराने की कोशिश की। पहचान न होने पर शव को मोर्च्युरी में रखवाया गया है।
200 मीटर दूर लगा सीसी कैमरा
जिस स्थान पर युवती का शव पड़ा मिला, उससे लगभग 200 मीटर दूर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर अप ट्रैक के पोल संख्या 67/19 व 67/21 के बीच नाइट विजन सीसी कैमरा लगा मिला। जीआरपी के एसआई ने बताया कि स्टेशन पर लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखी जा रहे है।
कुत्तों के द्वारा युवती का हाथ ले जाने की आशंका
अप ट्रैक के किनारे मिले युवती के शव से हाथ गायब है। जीआरपी के अनुसार शव के पास कुत्ते घूम रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि कहीं कुत्ते तो कटा हाथ लेकर झाड़ियों में नहीं चले गए। इसके अलावा रेलवे ट्रैक के दाहिनी ओर राजीवनगर खंती है। वहीं बायीं ओर रेलवे की खंती है। दोनों तरफ रास्ते भी हैं। लेकिन दोनों तरफ खंती में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। इससे किसी के आने- जाने का रास्ता कठिन है।
घटना के बाद रेलवे पुलिस ने आसपास के इलाके में महिला की पहचान कराने की कोशिश की। आसपास के लोगों और यात्रियों से भी शव के बारे में जानकारी जुटाई गई, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो पाई,पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जीआरपी और आरपीएफ की टीम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला किस ट्रेन से सफर कर रही थी और वह किन हालात में ट्रैक पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और रेलवे से जुड़ी जानकारी भी इकट्ठा की जा रही है। पुलिस ने आसपास के थानों को भी महिला के हुलिए और शव की जानकारी भेजकर पहचान कराने की कोशिश शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान होने के बाद उसके परिवार से संपर्क किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है। मौत किसी दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा।
