संवाददाता — सुशील शुक्ला

शुक्लागंज/गंगाघाट। राजधानी मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वी-मार्ट के पास तेज रफ्तार लोडर ने मां-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किशोरी विविध भारती की मौत हो गई, जबकि उसकी मां मंजू गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, मंजू अपनी बेटी विविध भारती के साथ शुक्लागंज स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सक के पास दवा लेने आई थीं। दोनों राजधानी मार्ग पर वी-मार्ट के पास ऑटो से उतर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार लोडर ने दोनों को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही मां-बेटी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद लोडर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद राहगीरों ने दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विविध भारती को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी मां का उपचार जारी है।

परिजनों के अनुसार, विविध भारती चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और बीए की छात्रा थी। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही गंगाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय उन्नाव भेज दिया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले लोडर और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author Profile

Aryanhttps://rh24news.com/rh24news
RH24 News

About The Author