नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को दिल्ली में सियासी हलचल तेज हो गई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए। कई घंटे तक चले धरने के बाद पुलिस ने दोनों नेताओं को वहां से हटा दिया।

बीबीसी संवाददाता दिलनवाज पाशा के अनुसार, पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत में लेकर किंग्सवे कैंप ले जाया। कांग्रेस ने राहुल गांधी को पुलिस द्वारा ले जाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “सब याद रखा जाएगा।”

इससे पहले कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आकाशवाणी भवन में पहुंचकर राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों को जबरन हटाने की कोशिश की। पार्टी ने कहा कि पुलिस के जरिए आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उनका आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस से बोले राहुल- “मैं तो बस बैठा हूं”

धरने के दौरान राहुल गांधी की एक पुलिस अधिकारी से बातचीत भी सामने आई। पुलिस अधिकारी ने उन्हें घर जाने के लिए कहा, जिस पर राहुल गांधी ने जवाब दिया कि वह राजनीतिक व्यक्ति हैं और केवल घर में बैठ नहीं सकते। उन्होंने पुलिस अधिकारी से पूछा कि अगर उन्हें यहां नहीं बैठने दिया जा रहा तो उन्हें किसी दूसरी जगह बैठने की अनुमति दी जाए।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पुलिस से कहा कि देश के किसी भी व्यक्ति को शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी दो व्यक्तियों के लिए नहीं, बल्कि संविधान के लिए है।

चुनाव आयोग तक मार्च के बाद धरना

इससे पहले राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्षी सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग तक मार्च निकालने की कोशिश की थी। चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचने से रोके जाने के बाद विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 300 से अधिक विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें मुलाकात का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विपक्षी सांसद करोड़ों भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते हैं तो चुनाव आयुक्त उनसे मुलाकात क्यों नहीं कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने इससे पहले चुनावी प्रक्रिया को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा कि देश के साथ जो किया गया है, उसे लेकर जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा।

Author Profile

Aryan Chaudhri
Chief Editor
Contact No. 6390315006

About The Author