केडीए की बड़ी तैयारी, तीनों योजनाओं में करीब 6 हजार भूखंड होंगे विकसित; मैकराबर्टगंज में बनेगा 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

कानपुर। बढ़ती आबादी और शहर के विस्तार को देखते हुए कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर में नई टाउनशिप विकसित करने की तैयारी तेज कर दी है। प्राधिकरण करीब 6700 एकड़ जमीन पर ग्रेटर कानपुर, न्यू कानपुर सिटी और एयरो सिटी बसाने की योजना पर काम कर रहा है। तीनों योजनाओं में करीब 6 हजार भूखंड विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग के लिए भी भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।

केडीए इस बार पुरानी योजनाओं से सबक लेते हुए नई योजनाओं को धरातल पर उतारने से पहले डिमांड सर्वे कराएगा। पूर्व में अनियोजित प्लानिंग के चलते करीब साढ़े छह हजार फ्लैट, होटल, मॉल और दुकानों की बिक्री नहीं हो सकी, जिससे करीब दो हजार करोड़ रुपये की रकम फंसने की बात सामने आई है।

5 हजार एकड़ में विकसित होगा ग्रेटर कानपुर

ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर करीब 5 हजार एकड़ में ग्रेटर कानपुर विकसित करने की योजना है। यह क्षेत्र भीमसेन और आउटर रिंग रोड के बीच सेन पश्चिम पारा, सेन पूरब पारा, पतेहुरी, गोपालपुर, गंभीरपुर, कैथा, सरनेतपुर, दुर्जनपुर और इटारा के आसपास विकसित किया जाएगा।

योजना के लिए ग्राम समाज की जमीन के साथ खाली जमीन को भी चिह्नित किया जा रहा है। अब तक करीब 1200 एकड़ जमीन चिह्नित की जा चुकी है और भूमि अधिग्रहण की तैयारी चल रही है। यहां करीब 3500 भूखंड विकसित किए जाने की योजना है।

न्यू कानपुर सिटी में 500 भूखंड

न्यू कानपुर सिटी योजना करीब 450 एकड़ में मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर के बीच विकसित की जाएगी। योजना के लिए करीब 70 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। बेरी अकबरपुर कछार, गंगपुर चकबदा, सिंहपुर कछार, हिंदूपुर और संभरपुर गांवों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।

करीब 75 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य भी शुरू करा दिए गए हैं। यहां करीब 500 भूखंड विकसित किए जाएंगे। प्राधिकरण दीपावली के आसपास इस योजना को लॉन्च करने की तैयारी में जुटा है।

चकेरी एयरपोर्ट के पास 1251 एकड़ में एयरो सिटी

चकेरी एयरपोर्ट के पास सीवरेज फार्म जाजमऊ (रूमा) क्षेत्र में करीब 1251 एकड़ में एयरो सिटी विकसित करने की योजना है। इसके सर्वे के लिए कंपनी को लगाया गया है। यहां करीब 2000 भूखंड विकसित किए जाएंगे।

एयरो सिटी में औद्योगिक और व्यावसायिक प्लॉट भी विकसित किए जाएंगे। योजना के विकसित होने से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने और प्राधिकरण की आय बढ़ने की उम्मीद है।

60 हजार लोगों के बसने की तैयारी

तीनों योजनाओं में करीब 6 हजार भूखंड विकसित किए जाएंगे। इन योजनाओं में लगभग 30 हजार लोगों को बसाने की योजना है। इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग के तहत भूखंड और फ्लैट विकसित किए जाएंगे, जिनमें करीब 30 हजार अन्य लोगों के बसने की संभावना है।

नई टाउनशिप में ड्रेनेज सिस्टम, जल निकासी और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ कन्वेंशन सेंटर, होटल, नर्सिंग होम, कॉलेज और स्कूल जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

मैकराबर्टगंज में बनेगा 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

केडीए मैकराबर्टगंज में 32 हजार वर्ग मीटर जमीन पर 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भी बनाने की तैयारी में है। अस्पताल के लिए जमीन का भू-परिवर्तन हो चुका है और शासन से सैद्धांतिक सहमति भी मिल गई है।

कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत अस्पताल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अस्पताल बनने से कानपुर और आसपास के जिलों के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

Author Profile

Aryan Chaudhri
Chief Editor
Contact No. 6390315006

About The Author