संवाददाता नवल किशोर

शुक्लागंज/गंगा घाट:क्षेत्र के चम्पा पुरवा गांव में अवैध जुए और नशेबाजी के अवैध कारोबार ने एक बार फिर गांव की शांति को खतरे में डाल दिया है। बीती रात नशे की हालत में शुरू हुआ मामूली विवाद दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है।
नशेबाजी बनी विवाद की जड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के कुछ लोग अक्सर एक निश्चित स्थान पर बैठकर जुआ खेलते हैं और खुलेआम नशेबाजी करते हैं। घटना की शाम भी दोनों पक्षों के कुछ लोग नशे की हालत में वहां एकत्र हुए थे। इसी दौरान किसी पुरानी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि देखते-देखते दोनों तरफ से लोग आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
मची अफरातफरी, कई लोग घायल
संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों की ओर से हुई तीखी झड़प में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं। अचानक हुई इस हिंसा से गांव में अफरातफरी मच गई। घरों के दरवाजे बंद हो गए और महिलाएं व बच्चे सहम गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कई उपद्रवी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
ग्रामीणों में रोष, पुलिस कार्रवाई की मांग
घटना के बाद से चम्पा पुरवा के संभ्रांत नागरिकों और आम जनता में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध जुए का अड्डा चल रहा है और नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, जिसकी वजह से आए दिन ऐसी घटनाएं होती हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए और इस संघर्ष में शामिल दोनों पक्षों के उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव का माहौल खराब होने से बचाया जा सके।

Author Profile

Naval Kishor

About The Author