जिला संवाददाता नवल किशोर

गंगाघाट/उन्नाव। पूर्व नौसैनिक एवं संदेश फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से लखनऊ में भेंट कर गंगाघाट से जुड़ी दो महत्वपूर्ण जनसमस्याओं को लेकर पत्र सौंपा।

संदीप पाण्डेय ने मंत्री को अवगत कराया कि निर्माणाधीन नवीन गंगा पुल से पश्चिमी गंगाघाट के लिए रैंप / एप्रोच मार्ग का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। पश्चिमी गंगाघाट के चार वार्डों में लगभग 50 हजार की आबादी निवास करती है। क्षेत्र के लोग पहले से ही रेलवे क्रॉसिंग के कारण आवागमन में भारी परेशानी झेलते हैं। यदि नवीन पुल रेलवे क्रॉसिंग को पार करते हुए सीधे आगे निकल जाता है और पश्चिमी गंगाघाट की ओर उतरने के लिए रैंप की व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ी आबादी को पुल का सीधा लाभ नहीं मिल पाएगा।

उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य के दौरान ही तकनीकी सर्वे कराकर रैंप का प्रावधान किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने गंगाघाट में प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान कराने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि हर साल बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित होते हैं, जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। इसके लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना बनाकर सुरक्षात्मक कार्य कराए जाने की आवश्यकता है।

मंत्री ए.के. शर्मा ने दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। संदीप पाण्डेय ने कहा कि नवीन गंगा पुल का लाभ पश्चिमी गंगाघाट तक पहुंचाना और नगर को बाढ़ से स्थायी राहत दिलाना क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा विषय है, इसके लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेंगे।

Author Profile

Naval Kishor

About The Author