जिला संवाददाता नवल किशोर

शुक्लागंज / गंगाघाट, उन्नाव। उत्तर प्रदेश पुलिस के मिशन शक्ति अभियान के तहत गंगाघाट कोतवाली में महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। अम्बिका प्रसाद मेमोरियल स्कूल, शुक्लागंज की छात्रा कु. श्रेया दीक्षित को एक दिन के लिए गंगाघाट कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने थाने की कार्यप्रणाली को समझा और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

थाने का निरीक्षण कर जानी पुलिसिंग की कार्यप्रणाली

एक दिन की थानाध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद श्रेया दीक्षित ने कोतवाली परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के दस्तावेजों, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, रिसेप्शन, सीसीटीवी कैमरों और जनरल डायरी (जीडी) कार्यालय की व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान उन्हें पुलिस के दैनिक कार्यों और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, अपराध निरीक्षक माबूद रजा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिलीप प्रजापति और मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक श्रद्धा सिंह सहित पुलिस बल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

दो मामलों में सुनवाई, काउंसलिंग के निर्देश

थाने में इस दौरान दो मामले सामने आए। इनमें एक पति-पत्नी के बीच विवाद और दूसरा जमीन से संबंधित मामला था। छात्रा श्रेया दीक्षित ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद में पति को बुलाया गया है, जिसके बाद दोनों की काउंसलिंग कराई जाएगी। वहीं, जमीन से जुड़े विवाद को आगे की कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी को सौंप दिया गया।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की पहल

मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एक दिन की थानाध्यक्ष बनकर श्रेया दीक्षित ने पुलिस की जिम्मेदारियों, कानून-व्यवस्था और जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को करीब से समझा।

यह पहल छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और महिला सशक्तिकरण का संदेश देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

Author Profile

Naval Kishor

About The Author