शुक्लागंज/उन्नाव। सोमवार को पीक ऑवर के दौरान नवीन पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ने से भीषण जाम की स्थिति बनी रही। कानपुर जाने वाले लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी तरह बैराज मार्ग पर भी दोपहर के समय जाम लगने से यातायात प्रभावित रहा।

सुबह करीब दस बजे कानपुर जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण नवीन पुल पर यातायात का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते वाहनों की कतार फोरलेन तक पहुंच गई। यातायात पुलिस ने सड़क पर आड़े-तिरछे खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे आगे बढ़ सका। करीब साढ़े ग्यारह बजे तक जाम की स्थिति बनी रही।

उधर, सरैयां रेलवे क्रासिंग से अप और डाउन लाइन की ट्रेनों के गुजरने के दौरान क्रासिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम मरहला से नेतुआ गांव तक पहुंच गया। क्रासिंग खुलने के बाद संकरे और क्षतिग्रस्त मार्ग पर आमने-सामने वाहन फंस गए। इसके चलते करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

वहीं, लखनऊ-कानपुर हाईवे स्थित जाजमऊ पुराने पुल पर मरम्मत कार्य के चलते रास्ता संकरा हो गया है। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे छोटे वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात धीमा पड़ गया। शाम तक वाहन रेंगते हुए निकलते रहे।

लगातार कई स्थानों पर जाम लगने से कानपुर आने-जाने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Author Profile

Aryan Chaudhri
Chief Editor
Contact No. 6390315006

About The Author