जिला संवाददाता नवल किशोर
शुक्लागंज/गंगाघाट। आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए थाना गंगाघाट में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ सिटी विनी सिंह ने की। बैठक में दुर्गा पूजा समितियों के आयोजक, सभासद, धर्मगुरु और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

सीओ सिटी ने सभी लोगों से त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंडाल और मूर्ति स्थापना के लिए समय से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। वहीं, विसर्जन जुलूस निर्धारित रूट और तय समय के अनुसार ही निकाला जाएगा।

बैठक में डीजे की तेज आवाज और अश्लील गानों पर पूरी तरह रोक रखने तथा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए। जुलूस के दौरान अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली पोस्ट से बचने की चेतावनी दी। ऐसी पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीओ सिटी विनी सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन त्योहारों को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। सभी प्रमुख पंडालों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले अराजक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।

बैठक में थाना प्रभारी गंगाघाट समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अंत में पीस कमेटी के सदस्यों ने दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया।

Author Profile

Naval Kishor

About The Author