उन्नाव। जनपद में राजस्व विभाग की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। 24 साल से जमीन संबंधी विवाद के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे एक फरियादी ने सोमवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर में खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और उसकी जान बच गई।

मामला माखी थाना क्षेत्र के अकबरपुर दबौली गांव का है। गांव निवासी मोहन द्विवेदी पुत्र स्व. गोकरन सोमवार दोपहर करीब एक बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनका आरोप है कि परिवार की करीब साढ़े छह बीघा जमीन में से सवा तीन बीघा जमीन उनके हिस्से की है, जिसका परिजनों ने बैनामा करा लिया है। सदर तहसील क्षेत्र स्थित जमीन पर जेसीबी से काम चल रहा है।

मोहन का आरोप है कि वह जमीन के दाखिल-खारिज और इंतकाल के लिए पिछले 24 वर्षों से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने लेखपाल प्रमोद पर पिछले पांच वर्षों से फाइल दबाकर रखने का भी गंभीर आरोप लगाया। पीड़ित के मुताबिक, वह मामले की शिकायत डीजीपी तक कर चुका है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित ने बताया कि वर्षों से की गई शिकायतों और उनसे जुड़े दस्तावेजों की करीब 18 किलो कागज की रद्दी उसके घर में जमा हो चुकी है। लगातार सुनवाई नहीं होने से आहत होकर उसने कलेक्ट्रेट परिसर में पिपिया से खुद पर डीजल उड़ेल लिया और आत्मदाह करने का प्रयास किया।

मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे घेर लिया और उसके हाथ से डीजल की पिपिया छीन ली। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद कुछ देर तक कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

सूचना मिलने पर एडीएम वित्त एवं राजस्व सुशील गोंड मौके पर पहुंचे और पीड़ित की पूरी बात सुनी। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई और न्याय का आश्वासन दिया।

एडीएम वित्त एवं राजस्व सुशील गोंड ने बताया कि मामला काफी पुराना है। प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम में सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, सीओ क्राइम और जिला शासकीय अधिवक्ता (राजस्व) को शामिल किया गया है। टीम से एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी गई है।

Author Profile

Aryan Chaudhri
Chief Editor
Contact No. 6390315006

About The Author