लखनऊ में गोमती की बाढ़ से भारी तबाही, एक लाख से अधिक लोग पलायन को मजबूर
लखनऊ। गोमती नदी में आई बाढ़ ने राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज, मल्लाही टोला, अन्नपूर्णानगर समेत कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ का पानी घरों, दुकानों और सड़कों में घुसने के साथ लोगों की वर्षों की मेहनत भी अपने साथ बहा ले गया। हालात इतने गंभीर हैं कि एक लाख से अधिक आबादी पलायन को मजबूर बताई जा रही है।
फैजुल्लागंज की गलियों में महंगी कारें और दोपहिया वाहन पानी में डूबे हैं। घरों में रखा फर्नीचर, फ्रिज, टीवी, कपड़े और जरूरी दस्तावेज खराब हो चुके हैं। दुकानों के बेसमेंट पानी से लबालब हैं। व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। कई परिवार ट्रैक्टरों पर सामान लादकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दिए।
नावों के सहारे घरों तक पहुंच रहे लोग
बाढ़ प्रभावित इलाकों में जलभराव इतना ज्यादा है कि लोगों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। नावों की कमी के कारण कई लोग घंटों इंतजार कर रहे हैं। लोग अपने घरों की स्थिति देखने और जरूरी सामान निकालने के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।
अन्नपूर्णानगर में बीमार बुजुर्ग की मौत
फैजुल्लागंज के अन्नपूर्णानगर में करीब दो सप्ताह से बीमार चल रहे 72 वर्षीय बंशीलाल की सोमवार सुबह इलाज के अभाव में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार इलाके में करीब आठ फीट तक पानी भरा होने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाना संभव नहीं था। मदद के लिए कई बार गुहार लगाने के बावजूद समय पर उपचार नहीं मिल सका। बाद में प्रशासन की मदद से नाव के जरिए शव को बाहर निकाला गया और अंतिम संस्कार किया गया।
सीएम योगी ने किया हवाई सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को फैजुल्लागंज से नैमिष तक हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद बख्शी का तालाब क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पहुंचे और उनका हाल जाना। उन्होंने राहत सामग्री वितरित की तथा स्वास्थ्य शिविर में डॉक्टरों से दवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट दी।
सीएम ने सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव को फैजुल्लागंज से नैमिष तक नदी के तट का सर्वे कराने और तटबंध निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। गांवों से बरसाती पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट की व्यवस्था करने और प्रस्ताव पर जल्द काम शुरू करने को कहा।
राजनाथ सिंह ने फोन पर ली स्थिति की जानकारी
रक्षा मंत्री और सांसद राजनाथ सिंह ने भी फोन कर बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की ओर से आवश्यक कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
स्कूल और मैरिज हॉल में ठहराने की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से खुले में रहने के बजाय स्कूलों और मैरिज हॉल में बनाए गए राहत केंद्रों में जाने की अपील की। अधिकारियों को राहत केंद्रों पर गर्म भोजन, बच्चों के लिए दूध, गर्भवती महिलाओं के लिए पोषक आहार तथा पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हर परिवार को राशन और पशुओं के चारे की व्यवस्था
प्रशासन को बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए सूखा राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा छोटे बच्चों के दूध, स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा शिविर और जरूरी दवाओं की व्यवस्था करने को कहा गया है। गाय, भैंस, बकरी और अन्य पशुओं के लिए भूसा-चोकर की व्यवस्था भी की जा रही है।
बाढ़ प्रभावित स्कूलों में छुट्टी
फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चार स्कूल बंद करा दिए गए हैं। डीआईओएस देवेंद्र पांडेय ने बताया कि हालात सामान्य होने तक इन स्कूलों में बच्चों को नहीं बुलाया जाएगा। क्षेत्र के नर्सरी से कक्षा आठ तक के कई निजी स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।
रात में गांवों की सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग
मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि बाढ़ के कारण खाली हुए गांवों में रात के समय चौकीदार, होमगार्ड, पीआरडी और पुलिस की पेट्रोलिंग कराई जाए। राहत शिविरों और प्रभावित क्षेत्रों में पेट्रोमैक्स तथा सोलर लाइट की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ की इस भयावह स्थिति के बीच प्रभावित परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब अपने घर, रोजी-रोटी और भविष्य को दोबारा खड़ा करने की है।
Author Profile
-
Chief Editor
Contact No. 6390315006
Latest entries
India10/31/2026बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान का खतरा, 1 नवंबर तक तूफान में बदल सकता है निम्न दबाव का क्षेत्र; आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
Delhi10/16/2026दिल्ली की रामलीला में जलेगा 30 फुट ऊंचा कॉकरोच का पुतला, स्वच्छता का संदेश देने की अनोखी पहल
Unnao10/11/2026स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, वीरेंद्र शुक्ला के आवास पर हुआ कार्यक्रम
Unnao10/07/2026उन्नाव में सेवा ज्योति कलश यात्रा का भव्य आयोजन, प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन का हुआ प्रसारण
