उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के बाद से यूपी पुलिस और एसटीएफ लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी. अब इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित शूटरों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. मारे गए आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के तौर पर हुई है.

पुलिस की पड़ताल के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या को अंजाम देने के लिए कुल चार शूटर पहुंचे थे. इनमें से दो का एनकाउंटर हो चुका है. जांच में यह भी सामने आया है कि चार शूटरों के अलावा दो अन्य लोग रेकी और दूसरी मदद में शामिल थे. यानी अब तक की जांच में हत्याकांड से जुड़े कुल 6 लोगों की भूमिका सामने आई है. मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों को अंकित बालियान का रेकी करते देखा गया था.

यूपी पुलिस की 8 टीमें अंकित के हत्यारे को तलाश रही थी

इस हत्याकांड के खुलासे के लिए मेरठ जोन के 7 जिलों के पुलिस अधिकारियों की 8 टीमें लगाई गई थीं. हरियाणा और दिल्ली में लगातार दबिश दी जा रही थी. इससे पहले मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर ने शामली पहुंचकर अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे बैठक की थी. उन्होंने कहा था कि पुलिस आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल हथियारों के बेहद करीब पहुंच चुकी है.

50-50 हजार रुपये के इनामी शूटर हत्याकांड में थे शामिल

पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को अंकित बालियान की रेकी की गई थी. दो शूटर शामली पहुंचे थे और अंकित के हर मूवमेंट पर नजर रख रहे थे. दोनों शामली के सूर्या होटल में रुके थे. होटल में उन्होंने आधार कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज जमा किए थे. पुलिस ने होटल का सीसीटीवी खंगाला, जिससे जांच में बड़ा सुराग मिला. हत्याकांड में कुल चार शूटर शामिल थे. वारदात के बाद दो शूटर बाइक से करनाल की तरफ भागे, जबकि मोहित और सुमित बागपत की तरफ फरार हुए.

शूटरों के लोकेशन सीसीटीवी में कैद हो गई थी

शूटरों के हरियाणा के करनाल से शामली आने की लोकेशन सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जबकि उनके फरार होने वाले रास्ते को लेकर पुलिस विभिन्न मार्गों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही थी। बदमाशों ने सुरक्षित फरार होने के लिए दिल्ली रोड से बड़ौत-बागपत होते हुए हरियाणा जाने का रास्ता चुना। बागपत के गौरीपुर मोड़ पर चारों की लोकेशन ट्रेस हुई। यहां से हरियाणा जाने के लिए चार में से दो-दो के गुट में शूटरों ने अलग-अलग रास्ता चुना।

हत्याकांड के बाद शामली से झिंझाना, बिडौली होते हुए करनाल तक पुलिस ने सीटीवी फुटेज देखी जिसमें संदिग्ध शूटर करनाल से आते हुए दिख रहे हैं। करनाल से शामली में घटनास्थल तक 15 स्थानों पर वे सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए। लेकिन हत्या के बाद फरार होने के लिए उन्होंने यह रास्ता नहीं चुना। सीसीटीवी फुटेज में जिस रास्ते वे आते हुए दिखे वहां से जाते हुए नहीं दिखे। शामली, कैराना होते हुए पानीपत तक भी उनकी कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिली है।

नाला पटरी पर अंकित की हत्या के बाद चारों दिल्ली रोड से बड़ौत-बागपत होते हुए गौरीपुर मोड़ पहुंचे। यहां से एक बाइक पर सवार दो बदमाश सोनीपत की ओर निकले जबकि दो लोनी की ओर गए। उन्होंने मुख्य मार्ग न अपनाकर वैकल्पिक रास्तों को भी अपनाया। इसके बाद सोनीपत में भी दो बदमाशों की लोकेशन पुलिस को मिली थी।

20 अगस्त की रात होटल पहुंचे थे शूटर
एसपी ने बताया कि हत्याकांड को अंजाम देने से पहले शूटरों ने कई दिनों तक अंकित की रेकी की थी। इसके लिए 20 अगस्त की रात शूटर शामली शहर के एक होटल में पहुंचे थे। वहां ठहरने के दौरान भी उनके संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी थी। पुलिस अब होटल में उनके ठहरने, आने-जाने और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Author Profile

Aryan Chaudhri
Chief Editor
Contact No. 6390315006

About The Author